Click Here
Click Here
Click Here

पाकुड़ में प्रोजेक्ट जागृति के तहत रक्तदान शिविर, 154 लोगों ने किया रक्तदान

पाकुड़: प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा, संवेदनशीलता और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की...

पाकुड़: प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा, संवेदनशीलता और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 24 तारीख को आयोजित होने वाले रक्तदान अभियान के क्रम में आज जिले के सभी प्रखंडों में एक साथ रक्तदान शिविरों का सफल आयोजन किया गया.

यह शिविर रक्त अधिकोष, पुराना सदर अस्पताल पाकुड़ सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा, महेशपुर और पाकुड़िया में आयोजित किए गए. शिविरों में आम नागरिकों, जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

डीसी ने किया शुभारंभ, रक्तदाताओं का बढ़ाया मनोबल

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा एवं उपाधीक्षक सदर अस्पताल डॉ. मनीष कुमार द्वारा रक्त अधिकोष, पुराना सदर अस्पताल में दीप प्रज्वलित कर किया गया.

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने रक्तदाताओं से संवाद करते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा उन्हें प्रमाण पत्र एवं कॉफी मग देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान मानव सेवा है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का अवसर प्रदान करता है. सामूहिक प्रयास और जागरूकता के माध्यम से ही हर परिस्थिति में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है.

154 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

आज आयोजित शिविरों में कुल 154 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की. रक्तदाताओं में जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, कर्मचारी, पुलिस बल, पीएमयू सेल के कर्मी, चौकीदार, मीडिया प्रतिनिधि एवं आम नागरिक शामिल रहे.

हर माह की 24 तारीख को होता है अभियान

उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि प्रोजेक्ट जागृति के तहत जिले में प्रत्येक माह की 24 तारीख को नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि आपातकालीन स्थिति में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके.उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान कर इस जनकल्याणकारी अभियान का हिस्सा बनें और जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा में योगदान दें.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *