पाकुड़: जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. घटना पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क पर कड़ियोडीह पुल के पास हुई.
हाईवा की चपेट में बाइक सवार
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार सलीम अंसारी हाईवा की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान हिरणपुर प्रखंड के दराजमाठ निवासी सलीम अंसारी के रूप में हुई है.
जलसा देखने जा रहे थे मृतक
बताया जा रहा है कि सलीम अंसारी अपनी बाइक से बादल चौक स्थित आम बागान में आयोजित जलसा देखने जा रहे थे. इसी दौरान अमड़ापाड़ा की ओर से आ रहे हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
Also Read: लैंड स्कैम- जेल में बंद IAS विनय चौबे के वकील ने SC से मांगा समय, अगले सप्ताह बेल पर सुनवाई
हादसे के बाद सड़क जाम
हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे करीब तीन से चार घंटे तक वाहनों का परिचालन बाधित रहा.
पुलिस की कार्रवाई और जाम समाप्त
सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. परिजनों को मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया.
जर्जर सड़क पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति को हादसे की मुख्य वजह बताया. लोगों का कहना है कि पाकुड़-दुमका मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर है, जगह-जगह गड्ढे हैं जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं. प्रशासन से जल्द सड़क मरम्मत की मांग की गई है.
