
News Desk: सफर नजदीक आते ही खुशी के साथ हल्की टेंशन भी शुरू हो जाती है. किसी को सामान भूलने का डर सताता है, तो कोई फ्लाइट छूटने या ट्रैफिक में फंसने जैसी आशंकाएं ट्रैवल एंग्जायटी को जन्म देती हैं. ट्रैवल से जुड़ी यह घबराहट काफी आम है और कई बार यात्रा के मजे को भी कम कर देती है. आइए समझते हैं कि यह तनाव किन कारणों से होता है और इसे आसान तरीकों से कैसे कंट्रोल किया जा सकता है.
इन कारणों से बढ़ता है ट्रैवल स्ट्रेस
ट्रिप से पहले कई छोटी-छोटी बातें मिलकर एंग्जायटी को बढ़ा देती हैं, जैसे—
- फ्लाइट या ट्रेन की बुकिंग को लेकर बार-बार जांच करना
- ठहरने के लिए होटल या अन्य इंतजाम की चिंता
- जरूरी ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स सही हैं या नहीं, इसे लेकर तनाव बजट और खर्च को लेकर दिमाग में चलती गणनाएं
- नई जगह पर एडजस्ट करने की चिंता
- समय पर एयरपोर्ट या स्टेशन न पहुंच पाने का डर
ये सभी बातें मिलकर सफर शुरू होने से पहले ही मानसिक दबाव बढ़ा देती हैं.
सफर के बाद भी बना रह सकता है तनाव
कई लोगों के लिए एंग्जायटी सिर्फ यात्रा तक सीमित नहीं रहती, बल्कि लौटने के बाद भी महसूस होती है.
- ट्रिप खत्म होने के बाद फिर से रोजमर्रा की दिनचर्या में लौटने का दबाव
- बैग खोलकर सामान को व्यवस्थित करने की झंझट
- ये छोटी-छोटी चीजें भी पोस्ट-ट्रैवल स्ट्रेस की वजह बन सकती हैं.
ऐसे रखें ट्रैवल एंग्जायटी को कंट्रोल
कुछ आसान आदतें अपनाकर आप सफर को ज्यादा सुकूनभरा बना सकते हैं—
- स्मार्ट पैकिंग करें: वही सामान रखें जो आपके काम और स्टाइल के हिसाब से जरूरी हो, बेवजह चीजें स्ट्रेस बढ़ाती हैं.
- लिस्ट बनाकर रखें: पैकिंग से पहले एक चेकलिस्ट तैयार करें और उसे ऐसी जगह रखें जहां बार-बार नजर जाए, ताकि कुछ छूटे नहीं.
- डिजिटल बैकअप रखें: जरूरी डॉक्यूमेंट्स की फोटो या स्कैन कॉपी फोन में सेव रखें, इससे अचानक परेशानी नहीं होगी.
- समय से पहले निकलें: ट्रेन या फ्लाइट के लिए थोड़ा पहले पहुंचने से लास्ट मिनट की भागदौड़ और टेंशन से बचेंगे.
- फोन को स्मार्ट बनाएं: मैप, ट्रांसलेशन ऐप या एंटरटेनमेंट पहले से डाउनलोड कर लें, ताकि सफर आसान और रिलैक्सिंग लगे.
- खानपान का ध्यान रखें: पानी और हल्के स्नैक्स साथ रखें, ताकि सफर के दौरान थकान और चिड़चिड़ापन कम हो.
- ब्रेक लें: अगर किसी वक्त तनाव महसूस हो, तो थोड़ी देर रुककर गहरी सांस लें और खुद को रिलैक्स करें.
- वापसी के बाद आराम करें: ट्रिप से लौटते ही खुद को थोड़ा समय दें, तुरंत अनपैकिंग या नए कामों में न उलझें.
इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप अपने सफर को बिना तनाव के आरामदायक बना सकते हैं.
