पलामू: जिले के तरहसी प्रखंड क्षेत्र स्थित झालखंडी मंदिर में आयोजित एक भव्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पांकी विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के पुत्र प्रशांत किशोर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिससे आयोजन का महत्व और बढ़ गया.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण और जनप्रतिनिधि शामिल हुए. दीप प्रज्वलन के बाद पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अतिथियों ने मां के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और भाईचारे की कामना की. पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति और उल्लास का माहौल देखने को मिला.
अपने संबोधन में विधायक डॉ. कुशवाहा शशिभूषण मेहता ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज को जोड़ने का सशक्त माध्यम होते हैं. उन्होंने लोगों से आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता बनाए रखने तथा क्षेत्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती आपसी सहयोग और भाईचारे पर निर्भर करती है.
वहीं, प्रशांत किशोर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में एकता और समरसता को बढ़ावा देते हैं. उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया.
इस अवसर पर जिला प्रतिनिधि प्रकाश मेहता, प्रोफेसर बच्चन ठाकुर, तरहसी प्रखंड के पूर्व प्रमुख अमुक प्रियदर्शी, विधायक प्रतिनिधि सुनील कुशवाहा, समाजसेवी कमेश यादव, जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी, मंझौली की मुखिया चांदनी सिंह, अनुज सिंह, तरहसी के सांसद प्रतिनिधि अनिल सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.
पूजा समिति के अध्यक्ष अमुक प्रियदर्शी एवं सचिव अनुज कुमार दांगी ने कार्यक्रम की सफलता में अहम योगदान दिया और सभी अतिथियों व श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया.
