रविवार पर ‘करंट कट’: छुट्टी के दिन घंटों गुल रहेगी बिजली, परिवार संग प्लान पर पड़ेगा असर

रांची: रविवार यानी छुट्टी का दिन, जब लोग परिवार के साथ समय बिताने, आराम करने और अपने काम निपटाने की योजना बनाते...

सांकेतिक तस्वीर

रांची: रविवार यानी छुट्टी का दिन, जब लोग परिवार के साथ समय बिताने, आराम करने और अपने काम निपटाने की योजना बनाते हैं. लेकिन इस बार राजधानी के कई इलाकों में यह रविवार बिना बिजली गुजरने वाला है. 29 मार्च को शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिजली आपूर्ति कई घंटों तक बाधित रहेगी, जिससे लोगों की छुट्टी का मजा किरकिरा हो सकता है.

मेंटेनेंस और लाइन अपग्रेड का किया जाएगा काम

बिजली विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार, आरडीएसएस (रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) के तहत मेंटेनेंस और लाइन अपग्रेड का काम किया जाएगा. इसके साथ ही 33 केवी लाइन शिफ्टिंग और एबी केबलिंग जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं, जिसके कारण चरणबद्ध तरीके से बिजली काटी जाएगी.

इन जगहों पर होगी बिजली आपूर्ति बाधित

सबसे पहले 33 केवी कुसई फीडर को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक शटडाउन पर रखा जाएगा. इस दौरान दुर्गा सोरेन चौक, नामकुम के पास लाइन शिफ्टिंग का कार्य होगा. इससे घाघरा, कुसई, डोरंडा बाजार, अनंतपुर, निवारणपुर मजिस्ट्रेट कॉलोनी और हिनू जैसे इलाके प्रभावित रहेंगे. वहीं, डोरंडा अंतर्गत राजेंद्र चौक फीडर में रहसलदार नगर में एबी केबलिंग कार्य के कारण सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी. इसके चलते रहसलदार नगर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को लंबे समय तक बिजली नहीं मिलेगी.

इसी कड़ी में पिस्का मोड़, विकास नगर, स्टाफ बैंक कॉलोनी और इंद्रपुरी रोड नंबर-14 (रातू रोड क्षेत्र) में भी एलटी लाइन कन्वर्जन कार्य किया जाएगा. इन इलाकों में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक बिजली नहीं रहेगी.
तुपुदाना विद्युत अवर प्रमंडल क्षेत्र में भी काम जारी रहेगा. कल्याणपुर रोड नंबर-5 और टेंडर हार्ट विद्यालय के आसपास के इलाकों में सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी.

निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए किए जा रहे ये काम

रविवार को आमतौर पर घरों में ज्यादा बिजली खपत होती है. कूलर, पंखा, टीवी, मोबाइल चार्जिंग और किचन के काम सब कुछ बिजली पर निर्भर होता है. ऐसे में लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति और असहज हो सकती है, हालांकि बिजली विभाग का कहना है कि ये सभी कार्य भविष्य में बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे हैं. बावजूद इसके, छुट्टी के दिन बिजली कटौती ने लोगों की प्लानिंग पर असर डालना तय माना जा रहा है.

यह भी पढ़ें: झारखंड CID की कार्रवाई: रांची से डिजिटल अरेस्ट गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 11 राज्यों में फैला था ठगी का जाल

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *