
सिमडेगा: जिले की पुलिस ने चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस संबंध में सर्किल इंस्पेक्टर भिखारी राम ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी.
काटूकोना में हुई थी चोरी की घटना
उन्होंने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के काटूकोना में हाल ही में चोरी की घटना सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
अनुसंधान के दौरान वरीय पुलिस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली कि थाना कांड संख्या 51/2026 के तहत चोरी हुआ एक टीवी ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के मतरामेटा गांव में एक संदिग्ध व्यक्ति के घर पर रखा गया है.
टीम गठन कर की गई छापेमारी
सूचना के आधार पर टाउन थाना प्रभारी रोहित कुमार रजक के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान संदिग्ध व्यक्ति ने अपना नाम शहीद उर्फ बैहेरा बताया.
पूछताछ में कबूल किया जुर्म
पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर उसने स्वीकार किया कि चोरी का टीवी उसके साथी शालीप के घर में रखा गया है.
टीवी और बाइक बरामद
इसके बाद पुलिस ने शालीप के घर पर छापेमारी कर चोरी किया गया टीवी बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी शहीद की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई.
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी शहीद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
