Koderma: पशुधन को खुरपका-मुहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बुधवार को जिले में विशेष एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया. जिला समाहरणालय परिसर में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, वन प्रमंडल पदाधिकारी सौमित्र शुक्ला, उप विकास आयुक्त रवि जैन तथा जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विनिता ने संयुक्त रूप से अभियान की शुरुआत करते हुए मोबाइल वेटनरी यूनिट एवं टीकाकरण दलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
2.04 लाख से अधिक पशुओं का होगा टीकाकरण
जिले में 01 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान के दौरान 2,04,147 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा. प्रशिक्षित टीकाकर्मी गांव-गांव और घर-घर जाकर गाय, बैल एवं भैंसों को खुरपका-मुँहपका रोग से बचाव का टीका लगाएंगे. अभियान के तहत चंदवारा में 43,133, डोमचांच में 25,558, जयनगर में 48,821, सतगावां में 21,776, मरकच्चो में 27,860, कोडरमा में 28,999 तथा झुमरी तिलैया में 8,000 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

पशुपालकों से सहयोग की अपील
जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर निःशुल्क टीकाकरण कराएं तथा टीकाकरण दलों को आवश्यक सहयोग दें. अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान से पशुओं को खुरपका-मुँहपका जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिलेगी, साथ ही पशुधन की उत्पादकता बढ़ेगी और किसानों की आजीविका भी सुदृढ़ होगी.
ALSO READ : डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों ने दिया मानवता का संदेश, IMA हॉल में रक्तदान शिविर का आयोजन


