खूंटी में अनिश्चितकालीन बंद जारी, सांसद और विधायक ने की शांति की अपील

खूंटी: झारखण्ड के खूंटी जिले में रामनवमी के दिन से मुरहू में शुरू हुआ तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है....

खूंटी: झारखण्ड के खूंटी जिले में रामनवमी के दिन से मुरहू में शुरू हुआ तनाव थमने का नाम नहीं ले रहा है. पत्थरबाजी की घटना और उसके बाद पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी और गिरफ्तार आरोपियों की रिहाई की मांग को लेकर बुलाया गया अनिश्चितकालीन बंद का असर मंगलवार को देखने को मिला. खूंटी, मुरहू, तोरपा, रनिया और कर्रा समेत कई क्षेत्रों में बंद का असर देखा गया.लोगों ने खुद ही दुकान-प्रतिष्ठान बंद कर दिया है.

सड़कों पर नहीं दिख रही आवाजाही 

मुरहू में प्रशासन द्वारा धारा 163 बीएनएसएस में आंशिक ढील देते हुए दुकान खोलने की अनुमति दी गई थी,इसके बावजूद भी दुकानें नहीं खुली हैं. मुरहू में जनजीवन अब भी पूरी तरह से नॉर्मल नहीं हो सका है. खूंटी शहर में भी दुकानों के बंद रहने से सड़कों पर आवाजाही काफी कम रही.लेकिन गाड़ियां चल रही हैं. 

मुरहू में मशाल जुलूस, गिरफ्तार लोगों की रिहाई की मांग तेज

मुरहू में हुए तनाव और पत्थरबाजी की घटना में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए लोगों छोड़ने की मांग को लेकर सोमवार की शाम सर्व सनातन समाज की ओर से मशाल जुलूस निकाला गया. जुलूस नेताजी चौक से भगत सिंह चौक तक गई. जहां लोगों ने स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का पुतला दहन किया.प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मंत्री के दबाव में पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है.उन्होंने गिरफ्तार लोगों की अविलंब रिहाई की मांग की और चेतावनी दी थी कि मांग पूरी नहीं होने पर मंगलवार को भी बंद जारी रहेगा. इस दौरान अनूप साहू, जितेंद्र कश्यप, विनोद जायसवाल, प्रियांक भगत, मुकेश जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे.

Read Also: फाइलों के जंगल में फंसा झारखंड का विकास: 20,000 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट्स फॉरेस्ट क्लीयरेंस के इंतजार में

शांति-व्यवस्था बनाये रखने का अपील

इस मामले में खूंटी सांसद कालीचरण मुंडा, तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया और खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने शांति-व्यवस्था बनाये रखने का अपील किया है.सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि शांति, भाईचारा और एकता बनाए रखें.खूंटी की पहचान सद्भावना, समाजिक एकता और समरसता से है. किसी भी परिस्थिति में इसे कमजोर नहीं होने दें. दोनों पक्षों से उन्होंने संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने का अपील किया. 

13 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज 

बता दें मुरहू में पत्थरबाजी और आपसी तनाव को लेकर मुरहू थाना में अब तक कुल 13 प्राथमिकी दर्ज किया गया है. जिसमें प्रशासन की ओर से तीन और दोनों पक्षों से अलग-अलग कुल दस मामले दर्ज किए गए हैं.इस मामले में अब तक दोनों पक्षों से तीन-तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.मुरहू में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *