रांची: मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में आयोजित 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2026 के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. हॉकी इंडिया, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग झारखंड सरकार और हॉकी झारखंड के संयुक्त तत्वावधान में चल रही इस प्रतियोगिता में शुक्रवार को कुल चार मैच खेले गए, जिसमें जम्मू-कश्मीर, गोवा, हिमाचल प्रदेश और हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने शानदार जीत दर्ज की.
जम्मू-कश्मीर ने राजस्थान को दी करारी शिकस्त
दिन के पहले मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने राजस्थान को एकतरफा अंदाज में 14-0 से करारी शिकस्त दी. इस जीत के साथ जम्मू-कश्मीर की टीम सी डिवीजन में अपने पूल में शीर्ष पर पहुंच गई. टीम की ओर से कोमल ने हैट्रिक लगाई, जबकि आकांक्षा, अवनी, संजना, मौकी और अक्षरा दत्ता ने दो-दो गोल दागे. बंदे हैक ने भी एक गोल कर टीम की जीत में योगदान दिया.
वहीं, दूसरे मुकाबले में गोवा ने केरल को 2-0 से हराकर अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया. गोवा की ओर से बेरतीला केरकेट्टा ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए एक गोल किया, जबकि भूमिका भीमा ने दूसरा गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की.
तीसरे मैच में हिमाचल प्रदेश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी को 11-0 से हराया. टीम की ओर से आयुषी ने चार गोल दागे, जबकि शानवी शर्मा और अर्चना कुमारी ने दो-दो गोल किए. रिया, सुमन देवी और एकमप्रीत कौर ने एक-एक गोल कर जीत को और मजबूत बनाया.
दिन के चौथे और अंतिम मुकाबले में हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु ने दिल्ली को 2-0 से हराकर प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की. तमिलनाडु की कप्तान एसएस कनिष्का और जी स्वाति ने एक-एक गोल कर टीम को जीत दिलाई.
चैंपियनशिप में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं और विभिन्न राज्यों की टीमें बेहतर प्रदर्शन कर खिताब की दौड़ में अपनी दावेदारी मजबूत कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: झारखंड: पोस्टिंग का इंतजार कर रहे तीन पदाधिकारियों को बोकारो, रांची और हजारीबाग में मिली जिम्मेदारी
