चाईबासा: मानवता की मिसाल बने त्रिशानु राय, लावारिस हालत में मिले अस्वस्थ वृद्ध को आश्रय गृह पहुंचाया

चाईबासा: चाईबासा में एक अज्ञात और मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्ध के मिलने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है...

Chaibasa
मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्ध के साथ सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय

चाईबासा: चाईबासा में एक अज्ञात और मानसिक रूप से अस्वस्थ वृद्ध के मिलने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि यह वृद्ध कहीं से भटककर शहर पहुंचा है और उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. वह अपने पैरों पर चलने में भी असमर्थ है और खुद को घसीटते हुए शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर ही दिन-रात गुजार रहा था. वृद्ध के पास न तो कोई घर है और न ही कोई परिजन. वह स्थानीय लोगों और राहगीरों द्वारा दिए गए भोजन पर ही निर्भर होकर किसी तरह जीवन यापन कर रहा था. अपनी दैनिक जरूरतें भी वह उसी स्थिति में पूरी करने को मजबूर था.

मधु बाजार में रोने की आवाज से जुटे लोग

गुरुवार देर रात यह वृद्ध मधु बाजार स्थित टाउन क्लब के पास पहुंच गया और भूख-प्यास से जोर-जोर से रोने लगा. उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन और सामाजिक कार्यकर्ताओं को दी.

त्रिशानु राय ने दिखाई मानवता

सूचना मिलते ही कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय देर रात मौके पर पहुंचे. उन्होंने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए न केवल वृद्ध के पास जाकर उसे ढांढस बंधाया, बल्कि प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने सदर थाना प्रभारी से संपर्क कर पूरे मामले से अवगत कराया और जिला प्रशासन, पश्चिम सिंहभूम से उचित पहल की मांग की. जहां अन्य लोग वृद्ध की स्थिति देखकर पास जाने से हिचक रहे थे, वहीं त्रिशानु राय ने बिना किसी संकोच के उसकी मदद की.

आश्रय गृह में कराया गया ठहराव

प्रशासन की पहल पर नगर परिषद के कर्मी मौके पर पहुंचे. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पीसीआर वैन की मदद से वृद्ध को मंगला हाट स्थित नगर परिषद द्वारा संचालित आश्रय गृह में ले जाया गया. फिलहाल वहां उसकी देखभाल की जा रही है और उसे नियमित रूप से भोजन और पानी दिया जा रहा है.

स्वास्थ्य स्थिति चिंताजनक

शुक्रवार को साफ-सफाई के दौरान आश्रय गृह के कर्मियों ने पाया कि वृद्ध के शरीर पर घाव और संक्रमण के निशान हैं. उसे तत्काल चिकित्सा की आवश्यकता है. हालांकि, उसकी मानसिक स्थिति और परिजनों के अभाव के कारण अस्पताल में इलाज कराना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है.

रिनपास भेजने की तैयारी

त्रिशानु राय ने बताया कि सरकारी अवकाश समाप्त होने के बाद नियमानुसार वृद्ध को रांची स्थित रिनपास (RINPAS) में भर्ती कराया जाएगा, ताकि उसका समुचित इलाज संभव हो सके.

वहीं, इस दौरान सदर थाना के एएसआई अजीत होनहागा, नगर परिषद के कर्मी मुन्ना आलम, राकेश कुमार पान, राज कुमार महतो समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: मेगा ट्रेड फेयर में उमड़ा जनसैलाब, खरीदारी और उत्साह ने तोड़े रिकॉर्ड

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *