रांची: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) द्वारा आयोजित एचपी बोधनवाला ट्रॉफी 2025-26 का रोमांचक फाइनल मुकाबला आज जेएससीए स्टेडियम के मेन ग्राउंड में दिन-रात्रि प्रारूप में खेला गया. कांटे की टक्कर वाले इस मुकाबले में रांची ने बोकारो को 1 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया.
बोकारो की मजबूत बल्लेबाजी
पहले बल्लेबाजी करते हुए बोकारो की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 224 रन बनाए. टीम की ओर से सुमित कुमार ने शानदार 94 रन की पारी खेली, जबकि अतुल सिंह ने 44 रन का योगदान दिया. रांची की ओर से हर्ष राज ने 3 विकेट चटकाए, वहीं शुभ शर्मा ने 2 विकेट हासिल किए.
शुभ शर्मा की शतकीय पारी से रांची की जीत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची की शुरुआत साधारण रही, लेकिन शुभ शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 121 रन की शतकीय पारी खेल टीम को जीत दिलाई. उनके अलावा मोहित कुमार ने 32 और नाजिम सिद्दीकी ने 27 रन का अहम योगदान दिया. रांची ने 48.4 ओवर में 9 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.
पुरस्कार वितरण में खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए शुभ शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया. वहीं, कुमार देवदत्त को बेस्ट बल्लेबाज, प्रिंस अनुराग मुर्मू को बेस्ट गेंदबाज और नाजिम सिद्दीकी को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला.
समारोह में मौजूद रहे JSCA पदाधिकारी
मौके पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में JSCA के अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय एवं सचिव सौरव तिवारी ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया.
