SAURAV SINGH

रांची : झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब झारखंड में भी पुलिस अपराधियों के साथ कड़ा रुख अख्तियार कर रही है. पिछले 14 महीनों के आंकड़े गवाही दे रहे हैं कि राज्य में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अब पुलिस की सीधी कार्रवाई की जद में हैं. पिछले 14 महीनों के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों में पुलिस और अपराधियों के बीच 14 मुठभेड़ की घटनाएं हुई हैं. इन मुठभेड़ों में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ और जवाबी कार्रवाई करते हुए 5 कुख्यात अपराधियों को ढेर कर दिया है, जबकि 12 अपराधी घायल होकर सलाखों के पीछे पहुंचे हैं. मारे गए अपराधियों में अमन साहू, उत्तम यादव और राहुल तूरी जैसे बड़े गिरोहों के सरगना शामिल हैं, जो लंबे समय से राज्य में दहशत का पर्याय बने हुए थे.

कब-कब हुई मुठभेड़. किसे लगी गोली, कौन हुआ ढेर
-
11 जनवरी 2025, रामगढ़: राहुल तूरी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया.
-
11 मार्च 2025: 100 से अधिक मामलों में वांछित गैंगस्टर अमन साहू को एटीएस ने मार गिराया.
-
27 मार्च 2025: भाजपा नेता अनिल टाइगर हत्याकांड से जुड़ा रोहित एनकाउंटर में घायल हुआ.
-
31 मार्च 2025: यूपी एसटीएफ, झारखंड एटीएस और जमशेदपुर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में अनुज कनौजिया मारा गया.
-
11 अगस्त 2025, गोड्डा: सूर्या हांसदा मुठभेड़ में ढेर.
-
20 सितंबर 2025, चतरा: उत्तम यादव पुलिस कार्रवाई में मारा गया.
-
10 अक्टूबर 2025, रांची: रातू थाना क्षेत्र में दो अपराधी घायल.
-
13 अक्टूबर 2025, तुपुदाना: सुजीत सिन्हा गिरोह के आफताब को गोली लगी.
-
13 अक्टूबर 2025, मैक्लुस्कीगंज: प्रभात कुमार राम घायल.
-
14 अक्टूबर 2025, धनबाद: भानु मांझी मुठभेड़ में घायल.
-
19 अक्टूबर 2025, रांची: विजय नाग हत्याकांड का आरोपी अभिषेक सिंह घायल.
-
28 अक्टूबर 2025, जमशेदपुर: एक अपराधी के पैर में गोली लगी.
-
05 दिसंबर 2025, पिपरवार: जुबेर अंसारी घायल.
-
29 जनवरी 2026, जमशेदपुर: अपहरण मामले में तीन कुख्यात अपहर्ता घायल.

राज्य में बढ़ती मुठभेड़ों को लेकर सियासी बहस भी तेज है. सरकार इसे अपराध के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई बता रही है, जबकि विपक्ष पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठा रहा है. फिलहाल आंकड़े यही बता रहे हैं कि झारखंड में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का रुख पहले से अधिक आक्रामक हो चुका है.
Also Read : गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से डीआईजी रैंक को प्रतिनियुक्ति पर भेजने का किया अनुरोध.

