चाईबासा: जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों ने फिर से सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है. सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के द्वारा लगाए गए आईईडी के चपेट में आने से सीआरपीएफ का जवान घायल हो गया है. घायल जवान को एयरलिफ्ट कर रांची लाया जा रहा है. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए राज हॉस्पिटल में भर्ती कराया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ रांची पुलिस की टीम घायल जवान के अस्पताल में भर्ती होने को लेकर सारी तैयारी पूरी कर दी है.घटना ऐसे समय हुई है, जब सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं. हाल ही में सुरक्षा बलों को कई बड़ी सफलताएं मिली हैं. दूसरी तरफ, नक्सलियों ने जगह-जगह आईईडी बिछा रखे हैं, ताकि उनकी तलाश में आने वाले सुरक्षा बल के जवान उसकी चपेट में आ जायें. तमाम सतर्कता के बावजूद सारंडा में आईईडी विस्फोट की घटनाएं हो रहीं हैं.

