खूंटी: सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन ग्राउंड में आयोजित 8वीं झारखंड स्टेट जूनियर एवं सीनियर रग्बी चैंपियनशिप 2026 का भव्य समापन हो गया. इस प्रतियोगिता में राज्य के 12 जिलों की कुल 26 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया. पूरे टूर्नामेंट में खूंटी जिले का दबदबा देखने को मिला, जिसने सीनियर पुरुष, सीनियर महिला और जूनियर बालक वर्ग में खिताब अपने नाम किया.
सीनियर वर्ग में खूंटी का दबदबा
प्रतियोगिता के सीनियर पुरुष वर्ग में खूंटी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि सरायकेला दूसरे और बोकारो तीसरे स्थान पर रहा. सीनियर महिला वर्ग में भी खूंटी ने जीत दर्ज करते हुए पश्चिम सिंहभूम को उपविजेता और पूर्वी सिंहभूम को तीसरे स्थान पर धकेल दिया. वहीं, जूनियर बालक वर्ग में खूंटी ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया, जबकि पश्चिम सिंहभूम दूसरे और बोकारो तीसरे स्थान पर रहा. जूनियर बालिका वर्ग में दुमका ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि खूंटी दूसरे और सरायकेला तीसरे स्थान पर रहा.
मुख्य अतिथि ने किया सम्मानित
समापन समारोह के मुख्य अतिथि नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किय. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं और खेल के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं.
ALSO READ: पलामू: 7 और 8 अप्रैल को जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन, भव्य आयोजन की तैयारी
रग्बी को मिल रही नई पहचान
झारखंड रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव हेजाज असदक ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं राज्य में रग्बी खेल को नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित होंगी. कार्यक्रम का संचालन शीतल बागे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पश्चिम सिंहभूम के सचिव हेजाज नरेश हेस्सा ने दिया.
कई खेल प्रेमी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला ओलिंपिक संघ के सचिव अजय नायक, जिला रग्बी संघ के करण कश्यप, फिरोज अंसारी, जेना बोदरा समेत कई खेल प्रेमी मौजूद रहे.
