Jamshedpur: जिले के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित मुस्लिम बस्ती में रविवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका दहल उठा. नशे के अवैध कारोबार में आपसी वर्चस्व और पुरानी प्रतिद्वंदिता को लेकर बेखौफ बदमाशों ने अचानक अंधाधुंध छह राउंड फायरिंग कर दी. इस गोलीबारी में आफताब नामक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे शरीर में तीन गोलियां लगी हैं.

परिजनों में मचा कोहराम, अस्पताल में भर्ती
घटना रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे की है. अचानक हुई गोलीबारी के बाद बस्ती में भगदड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग और आफताब के परिजन मौके पर पहुंचे, जहां वह खून से लथपथ पड़ा हुआ था. स्थानीय निवासियों और परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल आफताब को तुरंत इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल के आपातकालीन विभाग में डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है. हालांकि डॉक्टरों ने उसकी हालत बेहद नाजुक और चिंताजनक बताई है.
पुरानी रंजिश में हुई वारदात
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस पुलिस बल तुरंत हरकत में आया और मौके पर पहुंची. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आफताब और उसकी ही बस्ती में रहने वाले भोंदू नामक युवक के बीच किसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. रविवार की रात दोनों का सामना हुआ और बहस के दौरान विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि भोंदू ने पिस्टल निकालकर आफताब पर जानलेवा हमला कर दिया.
आरोपी भोंदू ने आफताब को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक लगातार छह गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन गोलियां आफताब को जा लगीं. घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी भोंदू हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गया.

ALSO READ: लखनऊ में 3-4 अगस्त को होगी BRICS देशों के NSOs प्रमुखों की बैठक, गुणवत्ता वाले आंकड़ों पर रहेगा फोकस
