बोकारो: सावन की पहली सोमवारी पर चिड़का धाम के लिए निकली कांवड़ यात्रा, शिवालयों में पूरी हुई तैयारियां

Bokaro: सावन की पहली सोमवारी आने में चंद घंटे ही बचे हैं. बोकारो जिला के चास होकर गुजरने वाले कांवड़ियों व श्रद्धालुओं...

चिड़का धाम के लिए रवाना होते कांवड़िये
चिड़का धाम के लिए रवाना होते कांवड़िये

Bokaro: सावन की पहली सोमवारी आने में चंद घंटे ही बचे हैं. बोकारो जिला के चास होकर गुजरने वाले कांवड़ियों व श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरी रात भक्ति का माहौल बना रहा. चास से करीब 35-40 किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिला स्थित चिड़का धाम में जलाभिषेक के लिए रविवार रात हजारों श्रद्धालु कांवड़ लेकर रवाना हुए. कई श्रद्धालुओं ने धनबाद-बोकारो के बीच तेलमोच्चो पुल पर दामोदर नदी से जल उठाया, तो कई ने गरगा नदी से जल भरा.

कांवड़ियों की सेवा के लिए लगे शिविर

बोकारो जिला के NH-32 से गुजरने वाले कांवड़ियों के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सेवा शिविर लगाए हैं. राहगीरों के लिए विश्राम स्थल, चाय-पानी, शरबत सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. वहीं कांवड़ियों की थकान दूर करने और उनमें उत्साह भरने के लिए भक्ति गीत, भजन, कीर्तन व जयकारों की व्यवस्था भी की गई है. पैर दबाने और दवा लगाने तक की सुविधा के लिए स्वयंसेवक तैनात हैं.

आकर्षक ढंग से सजे शिवालय, विशेष व्यवस्था पूरी

बोकारो के विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर समितियों ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं. रंग-रोगन, साफ-सफाई और प्रसाद की व्यवस्था कर ली गई है, ताकि सोमवार को उमड़ने वाली भीड़ को सुचारु रूप से सुविधा मिल सके.

मंदिरों में सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए समितियों ने विशेष इंतजाम किए हैं. माराफारी स्वयंभू शिवालय, सेक्टर-4F स्थित सूर्य मंदिर परिसर में स्थापित शिवलिंग, सेक्टर-4D आशुतोष शिव मंदिर, सेक्टर-4G शिव मंदिर, सेक्टर-5 शिवालय, सेक्टर-6 शिव मंदिर, सेक्टर-2D शिवालय तथा थाना मोड़ सेक्टर-3 शिव मंदिर समेत कई प्रमुख मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं के जलाभिषेक का अनुमान है.

प्रमुख शिवालयों में भीड़ प्रबंधन के विशेष इंतजाम

सेक्टर-1 राम मंदिर, सेक्टर-9 नवनाथ शिव मंदिर, सेक्टर-5 शिवालय, चिरा-चास शिव मंदिर, सेक्टर-4D स्थित ओंकारनाथ शिव मंदिर तथा चेक पोस्ट चास स्थित शिवालय को विशेष रूप से सजाया गया है. सावन के प्रत्येक सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष व्रत रखकर भगवान शिव की आराधना करते हैं. शिवलिंग पर जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है.

भीड़ प्रबंधन के तहत कई मंदिर समितियों ने एक तरफ से प्रवेश और दूसरी तरफ से निकास की व्यवस्था की है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. सेक्टर-8 स्थित कालीबाड़ी शिव मंदिर में भी संभावित भीड़ को देखते हुए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. समितियों ने प्रसाद, बैठने की व्यवस्था, प्राथमिक उपचार और साफ-सफाई के भी पर्याप्त इंतजाम किए हैं. वहीं पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मंदिरों के आसपास सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का आश्वासन दिया है.

ALSO READ: 350 करोड़ का हिसाब नहीं दे पाई निर्माण कंपनी, 50 करोड़ हवाला कनेक्शन का खुलासा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *