चार साल से अटकी कलाकार पेंशन योजना, सरकार के खिलाफ मुखर हुए लोक कलाकार

  Ranchi: झारखंड लोक कलाकार संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक चापुटोली स्थित संघ कार्यालय में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संघ की...

 

Ranchi: झारखंड लोक कलाकार संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक चापुटोली स्थित संघ कार्यालय में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संघ की उपाध्यक्ष श्रीमती अनिता उरांव ने की. बैठक में कलाकारों की समस्याओं और लंबित मांगों पर गंभीर चर्चा की गई.

पेंशन योजना लागू करने की उठी मांग

संघ के सचिव सह अंतरराष्ट्रीय छऊ नृत्य कलाकार प्रभात कुमार महतो ने सरकार से कलाकार पेंशन योजना को जल्द लागू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि सरकार ने चार साल पहले योजना के तहत बुजुर्ग और अस्वस्थ कलाकारों को प्रति माह 4000 रुपये देने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक एक भी कलाकार को इसका लाभ नहीं मिल सका है.

ALSO READ: PM जनमन आवास योजना में बिचौलियों का खेल, लाभुक के खाते से निकासी, मकान निर्माण अधूरा

ऑडिशन के बाद भी नहीं मिल रहे कार्यक्रम

बैठक में मेघनाथ महतो ने लोक संपर्क एवं संचार ब्यूरो, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के रांची कार्यालय द्वारा ऑडिशन लेने के बावजूद कलाकारों को कार्यक्रम नहीं दिए जाने का मुद्दा उठाया. उन्होंने इस संबंध में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ से मिलकर ज्ञापन सौंपने की आवश्यकता जताई.

वर्षों से नहीं बढ़ा मानदेय

वहीं, बिनोद कुमार महतो ने कहा कि कलाकारों को वर्ष 2000 से जो मानदेय मिल रहा है, वही आज भी दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इस संबंध में संस्कृति निदेशक को कई बार अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. खूंटी से आए लखन गुड़िया ने कहा कि जहां सरकार ने ऑड्रे हाउस का किराया बढ़ा दिया है, वहीं कलाकारों के मानदेय में बढ़ोतरी नहीं की गई है.

संगठन मजबूत कर आंदोलन की तैयारी

लोहरदगा के गणेश लोहरा ने संगठन को मजबूत करने और भविष्य में आंदोलन करने की आवश्यकता पर जोर दिया. बैठक में विभिन्न जिलों से आए कला दलों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे और एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का संकल्प लिया.

बैठक में खूंटी, लातेहार, गुमला, बुंडू, बोकारो, धनबाद समेत कई जिलों के कलाकार और कला दलों के प्रमुख उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन लक्ष्मीनाथ महतो ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सोमा मुंडा ने किया.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *