Palamu: झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री कृष्णानंद त्रिपाठी ‘पंचायत परामर्श यात्रा’ के तहत पाटन क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे. इस दौरान आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और छात्र उपस्थित हुए, जिन्होंने अंचल, प्रखंड और थाना स्तर पर आ रही प्रशासनिक दिक्कतों से उन्हें अवगत कराया. जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र के छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में आ रही व्यावहारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया. छात्रों ने बताया कि परीक्षाओं में हिंदी भाषा का विकल्प न होने और क्षेत्रीय भाषाओं में मगही तथा भोजपुरी को शामिल न किए जाने के कारण उन्हें प्रश्नपत्रों को समझने में काफी कठिनाई हो रही है. पूर्व मंत्री ने छात्रों की इस समस्या को गंभीरता से सुना और इसे उचित पटल पर उठाने का आश्वासन दिया.

15 अक्टूबर तक तीन जिलों की 587 पंचायतों में पूरी होगी यात्रा
दौरे के क्रम में जानकारी दी गई कि इस परामर्श यात्रा के जरिए पलामू प्रमंडल के तीनों जिलों- पलामू की 283 पंचायतों, गढ़वा की 189 पंचायतों और लातेहार की 115 पंचायतों (कुल 587 पंचायतों) को कवर किया जाएगा. यह अभियान 15 अक्टूबर तक चलेगा और सभी निर्धारित पंचायतों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी.
यह भी पढ़ें: असम, केरल और गुजरात में बाढ़ से स्थिति नाजुक, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

केएन त्रिपाठी ने आमलोगों की समस्याएं सुनीं
पूर्व मंत्री कृष्णानंद त्रिपाठी ने रविवार सुबह 8:00 बजे से ही विभिन्न पंचायतों का रुख किया. उन्होंने पंचायत सचिवालय मेराल, बरवाडीह, सिरम, शाहदेवा के अलावा राजहरा, सगुना, सेमरी, पंचकेडिया और नवाखास पंचायतों का दौरा कर आम जनता से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना.
