बोकारो: जिला प्रशासन की ओर से अनूठी व मानवीय मिसाल सोमवार को देखने को मिली. डीसी अजय नाथ झा ने आवासीय परिसर में प्रतिनियुक्त अनुसेवक कर्ण सिंह चौधरी को आत्मीयता व सम्मान के साथ विदाई दी. उपायुक्त ने जब कर्ण सिंह चौधरी को संबोधित करते हुए कहा कि आप हमारे परिवार का हिस्सा हैं. आपकी सेवा के लिए हम कृतज्ञ हैं, तो वहां उपस्थित हर व्यक्ति की आंखें नम हो उठीं. डीसी ने कहा, कि प्रशासन केवल अधिकारियों से नहीं चलता, बल्कि उन कर्मियों के समर्पण से सशक्त होता है, जो चुपचाप अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं.
यह रिश्ता हमेशा यादों में जीवित रहेगा – डॉ प्रतिमा झा
उपायुक्त की धर्मपत्नी डॉ. प्रतिमा झा ने कहा कि कर्ण सिंह चौधरी की ईमानदारी – कार्य निष्ठा से एक विशेष लगाव बन गया था. उन्होंने कहा कि वे हमेशा हमारी यादों का हिस्सा बने रहेंगे.
अक्सर सरकारी विदाई समारोह औपचारिकता तक सीमित रह जाते हैं, लेकिन इस अवसर पर अपनापन, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला. उपायुक्त द्वारा स्वयं आगे बढ़कर सम्मान देना और अपने वाहन से उन्हें घर तक भिजवाना, इस विदाई को विशेष और यादगार बना गया.
सभी ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
अपर समाहर्ता मुमताज अंसारी, एसडीओ चास प्रांजल ढांडा, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारी प्रतिनिधियों ने भी कर्ण सिंह चौधरी के योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद व सफल भविष्य की कामना की. मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा, डीडीएमओ शक्ति कुमार, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी–कर्मी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: महिला को गिफ्ट के जाल में फंसाया: फिर मैट्रिमोनियल से शुरू हुई ठगी, फर्जी आईटी अफसर-वकील बन 3.5 लाख उड़ाए
