रांची: गर्मी बढ़ते ही पानी की किल्लत न हो, इसके लिए रांची नगर निगम ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है. सोमवार को महापौर रौशनी खलखो की अध्यक्षता में जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर अहम बैठक हुई, जिसमें पीएचईडी और जुडको के अधिकारी भी शामिल हुए. बैठक में उप महापौर नीरज कुमार और पार्षदों ने भी हिस्सा लिया.
अवैध पानी कनेक्शन काटने के निर्देश
बैठक में साफ निर्देश दिया गया कि शहर में चल रहे सभी अवैध पानी कनेक्शन तुरंत काटे जाएं. HYDT और मिनी HYDT से निजी इस्तेमाल के लिए लिए गए कनेक्शन हटाने को कहा गया है, वरना जुर्माना लगाया जाएगा. साथ ही, पानी खींचने के लिए अवैध मोटर लगाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी और मोटर जब्त की जाएगी.
जल्द काम पूरा करने का निर्देश
निगम ने यह भी कहा है कि राइजिंग पाइपलाइन से लिए गए अवैध कनेक्शन तुरंत हटाए जाएं, नहीं तो धावा दल कार्रवाई करेगा. जिन इलाकों में अब तक पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है. इसके अलावा खराब चापाकलों को पहचान कर लाल रंग से चिन्हित करने को कहा गया है, ताकि उन्हें जल्दी ठीक किया जा सके.
निगम की अपील
नगर निगम ने लोगों से कहा है कि पानी का दुरुपयोग न करें और किसी भी तरह के अवैध कनेक्शन से बचें, ताकि पूरे शहर में सभी को बराबर और नियमित पानी मिल सके.
यह भी पढ़ें: बोकारो: डीसी अजय नाथ झा ने पेश की इंसानियत की मिसाल, रिटायर्ड हुए अनुसेवक को अपने वाहन से घर तक किया रवाना
