जमशेदपुर: शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में से एक, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात मानवता को शर्मसार करने वाली एक वारदात सामने आई. टीएफए ग्राउंड के समीप एक चाय दुकान पर मामूली विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि कुछ युवकों ने दुकान चला रही युवती पर खौलती हुई चाय का बर्तन उड़ेल दिया. इस जानलेवा हमले में युवती बुरी तरह झुलस गई है और फिलहाल टाटा मुख्य अस्पताल के क्रिटिकल केयर यूनिट में जीवन और मौत की जंग लड़ रही है
विवाद की जड़, चंद मिनटों का इंतजार:
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 8:30 बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि 8 से 10 की संख्या में नशे में धुत या उग्र युवक दुकान पर पहुंचे और चाय का ऑर्डर दिया. दुकान पर भीड़ होने के कारण युवती को चाय तैयार करने में कुछ मिनटों की देरी हो गई। बस इतनी सी बात पर युवकों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने गालियां देते हुए दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी.हंगामे के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने आव देखा न ताव, चूल्हे पर चढ़े खौलती चाय के पतीले को उठाकर सीधे युवती के ऊपर फेंक दिया. युवती की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग जमा हुए, जिसे देख आरोपी युवक मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए झुलसी हुई युवती को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक युवती का शरीर काफी हद तक जल चुका है, जिसके कारण उसे गहन चिकित्सा इकाई में रखा गया है.
ALSO READ: 20 राज्यों में मौसम का अलर्ट: यूपी-राजस्थान में बारिश, उत्तराखंड में बर्फ, दिल्ली-पंजाब में ओले
पुलिस की कार्रवाई और जांच के बिंदु:
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए. पुलिस टीएफए ग्राउंड और आसपास के शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बर्तन जानबूझकर फेंका गया या हाथापाई के दौरान गिर गया. हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि यह हमला सोची-समझी साजिश के तहत आक्रोश में किया गया.
