रांची: झारखंड के आसमान पर छाई बादलों की घनी परतों और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन ने राज्य के मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. अप्रैल की चिलचिलाती धूप के बीच अचानक हुई इस मौसमीय हलचल से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में संभावित खराब मौसम को लेकर चिंता भी बढ़ गई है. मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक, आने वाले 24 घंटे राज्य के कई हिस्सों के लिए बेहद अहम और संवेदनशील साबित हो सकते हैं.
गरज चमक के साथ बारिश का साया
मौसम केंद्र रांची ने गुरुवार 9 अप्रैल को राज्य के 14 जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है. इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कई स्थानों पर वज्रपात होने की भी चेतावनी जारी की गई है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
प्रभावित होने वाले जिले
मध्य व दक्षिण झारखंड के तहत रांची, खूंटी, रामगढ़ और बोकारो जिलों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है.
कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला खरसावां भी इस अलर्ट के दायरे में हैं.
वहीं संथाल परगना और कोयलांचल क्षेत्र के धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में भी बारिश और तेज हवा की संभावना जताई गई है.
ALSO READ: पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के केस में इन चार गवाहों के बयान महत्वपूर्ण, ED ने कोर्ट को दी जानकारी
12 अप्रैल के बाद फिर बढ़ेगी गर्मी
हालांकि राहत की बात यह है कि अगले तीन दिनों तक राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े उछाल की संभावना नहीं है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 12 अप्रैल के बाद एक बार फिर तापमान में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े को पार या उसके करीब पहुंच सकता है.
पिछले 24 घंटों में ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में मिला जुला असर देखने को मिला. एक ओर सरायकेला 36.3 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, वहीं दूसरी ओर कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. बोकारो में 19.4 मिलीमीटर, लातेहार में 13 मिलीमीटर और रांची में 9 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट महसूस की गई.
