Ranchi: आरपीएफ के जवानों ने एक बार फिर अपनी तत्परता से इंसानियत की मिसाल पेश की है. रांची रेल मंडल के अंतर्गत ऑपरेशन जीवन रक्षा के तहत ड्यूटी पर तैनात जवानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए एक यात्री को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया.
चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुआ हादसा
घटना गुरुवार की है. रांची रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 18403 एक्सप्रेस अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही थी. इसी दौरान एक यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया. गति पकड़ने के कारण यात्री का संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के खतरनाक गैप में गिर गया. यात्री ट्रेन के साथ घिसटने लगा, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
Also Read: HC ने मुख्य सचिव, रांची विवि के VC और लॉ कॉलेज के डीन और डायरेक्टर को बुलाया
RPF जवानों ने दिखाई बहादुरी
प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित ट्रेन पासिंग ड्यूटी में तैनात एएसआई विजय कुमार भारती और हेड कांस्टेबल नितेश कुमार ने पलक झपकते ही स्थिति की गंभीरता को भांप लिया. बिना एक सेकंड की देरी किए, दोनों जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए यात्री को गैप से बाहर की ओर खींच लिया. यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो यात्री ट्रेन के पहियों की चपेट में आ सकता था.
धनबाद निवासी यात्री की पहचान
सुरक्षित बचाए गए यात्री की पहचान ओम प्रकाश अग्रवाल (50 वर्ष) के रूप में हुई है. वे धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
