Ranchi: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा 12 अप्रैल (रविवार) को आयोजित होने वाली झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के सुचारू संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. इसी कड़ी में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आर्यभट्ट सभागार में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई.
बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, जिला योजना पदाधिकारी तथा कोषागार पदाधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, उड़नदस्ता टीम, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट और परीक्षा केंद्र अधीक्षक भी शामिल हुए.
तीन शिफ्टों में होगी परीक्षा
प्रशासन ने बताया कि परीक्षा रांची के विभिन्न केंद्रों पर तीन शिफ्टों में आयोजित की जाएगी. बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की भागीदारी को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की जा रही है.
नकल पर सख्ती, 500 मीटर क्षेत्र रहेगा निषिद्ध
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा में नकल या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी. सभी परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे को निषिद्ध क्षेत्र घोषित किया जाएगा, जहां मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
ALSO READ: कैबिनेट की बैठक 15 अप्रैल को, लिए जाएंगे अहम फैसले
उड़नदस्ता और पेट्रोलिंग टीम रहेंगी सक्रिय
हर केंद्र पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ उड़नदस्ता और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाएगी. किसी भी अनियमितता की सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को देने के निर्देश दिए गए हैं.
मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था
अभ्यर्थियों और स्टाफ की सुविधा के लिए सभी केंद्रों पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है.
प्रशासन की प्राथमिकता—निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा
उपायुक्त भजन्त्री ने कहा कि यह परीक्षा हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ी है, इसलिए इसे पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी अधिकारियों से पूर्ण सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की.
अभ्यर्थियों से अपील
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके.
