गिरिडीह: 15 अगस्त की तैयारी में जुटा प्रशासन, 13 अगस्त तक पूरी होंगी सभी व्यवस्थाएं

Giridih: स्वतंत्रता दिवस 2026 को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं....

Giridih

Giridih: स्वतंत्रता दिवस 2026 को भव्य, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सभी विभागों को निर्देश दिया गया कि 13 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं.

सुबह 9 बजे झंडा मैदान में होगा मुख्य समारोह

जिला स्तरीय मुख्य समारोह 15 अगस्त की सुबह 9 बजे झंडा मैदान में आयोजित होगा, जहां राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा. जिले के सभी अनुमंडलों, प्रखंडों, पंचायतों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी ध्वजारोहण किया जाएगा.

12 परेड टुकड़ियां लेंगी हिस्सा

उपायुक्त ने बताया कि 9 से 13 अगस्त तक परेड का नियमित पूर्वाभ्यास कराया जाएगा और मुख्य समारोह में 12 परेड टुकड़ियां भाग लेंगी. सभी विभागों को समयबद्ध, अनुशासित और उच्च गुणवत्ता वाली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रभात फेरी और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी. वहीं शाम 5 बजे नगर भवन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे.

साफ-सफाई और सुरक्षा पर विशेष जोर

बैठक में झंडा मैदान की साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए. नगर निगम को प्रमुख चौक-चौराहों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की विशेष साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कराने को कहा गया है.

उत्कृष्ट योगदान देने वालों का होगा सम्मान

इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों के परिजनों, झारखंड आंदोलनकारियों, प्रगतिशील किसानों, उत्कृष्ट चिकित्सकों, स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा.

15 अगस्त को रहेगा ड्राई डे

उपायुक्त रामनिवास यादव ने उत्पाद विभाग को निर्देश दिया कि 15 अगस्त को ड्राई डे के आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए और जिले में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहे.

ALSO READ: चचेरी बहु से दुष्कर्म के मामले में ससुर को 10 साल की सजा, 10 हजार रुपए का जुर्माना भी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *