Ranchi: शहर के सदर अस्पताल में छोटे बच्चों के दिल की बीमारी को लेकर खास कैंप लगाया गया है. यह कैंप 10 और 11 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) से पीड़ित बच्चों की मुफ्त जांच और इलाज किया जा रहा है.
इस कैंप में डॉक्टर बच्चों की जांच (स्क्रीनिंग) करेंगे, जरूरत पड़ने पर सलाह देंगे और जिन बच्चों को ऑपरेशन की जरूरत होगी, उनका फ्री सर्जरी अमृता हॉस्पिटल, कोच्चि में कराया जाएगा. इलाज के बाद बच्चों की देखभाल (फॉलोअप) भी की जाएगी.
यह पूरा कार्यक्रम झारखंड सरकार के “गिफ्ट ऑफ लाइफ” योजना के तहत चल रहा है. इसमें करीब 500 बच्चों की जांच का लक्ष्य रखा गया है. अच्छी बात यह है कि बच्चों के साथ आने वाले परिजनों के रहने और आने-जाने का खर्च भी मुफ्त रखा गया है.
Also Read: NewsWave Expose झारखंड विधायक निधि: 300 करोड़ की राशि अनलॉक्ड, विकास की फाइलें ब्लॉक्ड
किन बच्चों को दिखाना जरूरी?
अगर बच्चे में ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं
- सांस लेने में दिक्कत.
- दूध पीते समय थक जाना या हांफना.
- होंठ या त्वचा का नीला पड़ना.
- वजन नहीं बढ़ना.
बीमारी कैसे पता चलती है?
डॉक्टरों के अनुसार, यह बीमारी गर्भावस्था में अल्ट्रासाउंड से या जन्म के बाद इको जांच से पता चल सकती है.
क्या कहते हैं अधिकारी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारी शशि प्रकाश झा ने बताया कि गांवों में जागरूकता की कमी के कारण कई बार बीमारी समय पर पकड़ में नहीं आती. इसलिए ऐसे कैंप बहुत जरूरी हैं.
