गिरिडीह: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रामनिवास यादव ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार आयोजित कर जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना. इस दौरान लोगों ने भूमि विवाद, पेंशन, आवास योजना, राशन कार्ड, बीमा क्लेम, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, विद्युत सहित विभिन्न जनसमस्याओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए.
किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
उपायुक्त ने सभी मामलों को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
जनता दरबार के दौरान कई मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान भी किया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली. उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि जनता दरबार प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक सशक्त माध्यम है, जिससे समस्याओं का शीघ्र और प्रभावी समाधान संभव हो पाता है.
उपायुक्त ने की आमजनों से अपील
उपायुक्त ने आमजनों से अपील की, कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और प्रशासन को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं. मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, श्रीमती अंजना भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: खाकी का मानवीय चेहरा: रांची पुलिस की सूझबूझ से लौटा घर का इकलौता चिराग
