Ranchi: रांची नगर निगम ने शहरवासियों को बड़ी राहत देते हुए अपना आधिकारिक डिजिटल पोर्टल शुरू कर दिया है. अब लोग घर बैठे ही होल्डिंग टैक्स, जल कर और अन्य सेवाओं का भुगतान ऑनलाइन कर सकेंगे. इस पहल का उद्देश्य शहर में पारदर्शी और आसान डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है. इस मौके पर नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में एक ओरियंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल पेमेंट की पूरी प्रक्रिया समझाई गई. खास बात यह रही कि कार्यक्रम के दौरान ही कई कर्मचारियों ने अपना होल्डिंग टैक्स ऑनलाइन जमा कर उदाहरण पेश किया.
यह भी पढ़ें : बाबूलाल मरांडी के आरोप बेबुनियाद, जनता को गुमराह करने की कोशिश : सतीश पॉल मुंजनी
ऑनलाइन भुगतान करने पर 10% तक की छूट
नगर निगम ने डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए कई सुविधाएं दी हैं. अब लोग निगम की वेबसाइट, SMART RANCHI ऐप और “RMC Payment Mitra” व्हाट्सएप चैटबोट (8986627070) के जरिए आसानी से भुगतान कर सकते हैं. सबसे बड़ी बात यह है कि 30 जून 2026 तक ऑनलाइन भुगतान करने पर 10% तक की छूट भी मिलेगी. ओरिएंटेशन के दौरान महज एक घंटे में 60 हजार रुपये से ज्यादा का टैक्स कलेक्शन हुआ, जो डिजिटल सिस्टम की सफलता को दिखाता है. खुद नगर आयुक्त ने भी ऑनलाइन टैक्स भरकर लोगों को डिजिटल माध्यम अपनाने के लिए प्रेरित किया. नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की है कि वे समय पर टैक्स भुगतान करें और डिजिटल माध्यम को अपनाएं. साथ ही उन्होंने निगम कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और कूड़ा उठाने वाले वाहनों व वाटर टैंकर पर भी व्हाट्सएप चैटबोट नंबर का प्रचार करें.

यह भी पढ़ें : साइबर क्राइम को लेकर HC सख्त, कहा- एक माह के अंदर उठाए जरूरी कदम नहीं तो होगी कार्रवाई
