सड़क सुरक्षा पर सख्ती, DC ने दिए कड़े निर्देश, ड्रिंक एंड ड्राइव पर होगी कार्रवाई

Lohardaga: उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित हुई. बैठक में...

Lohardaga: उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित हुई. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिले में चिन्हित स्थानों पर नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जाए, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वालों और हेल्मेट नहीं पहनकर दोपहिया वाहन चलाने वालों की जांच की जाए. शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर न सिर्फ आर्थिक दंड लगाया जाए, बल्कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं करने की चेतावनी भी दी जाए. नियमित रूप से यह जांच अभियान चलाया जाए.

एमएसीटी कोर्ट में दायर हों मामले

उपायुक्त ने कहा कि जिन सड़क दुर्घटनाओं में किसी व्यक्ति की मृत्यु वाहन की चपेट में आने या टकराने से हुई हो, वैसे मामलों में चिन्हित वाहनों के मामलों को जल्द से जल्द मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (एमएसीटी) में भेजा जाए, ताकि पीड़ित परिवार को अधिकतम मुआवजा मिल सके. इसके लिए आवश्यक दस्तावेज न्यूनतम समयावधि में पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे याचिका दायर कर सकें.

अतिक्रमण हटाने और सड़क सुधार के निर्देश

नगर परिषद लोहरदगा को शहरी क्षेत्र में सड़कों पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. राष्ट्रीय उच्च प्रमंडल, रांची को सड़क किनारे झुकी हुई डालियों की छंटाई कराने और सूखे पेड़ों की कटाई कराने का निर्देश दिया गया. साथ ही सड़क किनारे स्थित विद्यालयों और महाविद्यालयों के पास रंबल स्ट्रिप लगाने तथा पूर्व में चिन्हित स्थलों पर यह कार्य दो सप्ताह में पूरा करने को कहा गया.

Also Read: लोहरदगा : सुंदरी देवी सरस्वती शिशु मंदिर में ‘अभिभावक गोष्ठी’ का आयोजन, खेल-खेल में शिक्षा और संस्कार पर जोर

छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी

शिक्षा विभाग को निर्देश दिया गया कि नियमित रूप से स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों से अवगत कराया जाए. दोपहिया वाहन चलाने वाले छात्रों के अभिभावकों की काउंसलिंग करने पर भी जोर दिया गया.

हिंडाल्को को टीबी जांच के निर्देश

उपायुक्त ने हिंडाल्को इंडस्ट्रीज को अपने खनन क्षेत्रों में कार्यरत सभी पदाधिकारियों, कर्मियों और वाहन चालकों की टीबी जांच कराने का निर्देश दिया. साथ ही वाहन चालकों द्वारा शराब सेवन कर वाहन चलाने की नियमित जांच करने को भी कहा गया.

बैठक में अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, जिला परिवहन पदाधिकारी जया सांखी मुर्मू, सिविल सर्जन डॉ राजू कच्छप, डीएसपी समीर तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी तथा परिवहन विभाग से जुड़े पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *