Giridih: उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में 150 अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है. इस मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा विरोध जताते हुए रविवार को शहर में पदयात्रा निकाली.
झंडा मैदान से टावर चौक तक पदयात्रा
पदयात्रा गिरिडीह झंडा मैदान से शुरू होकर टावर चौक पहुंची, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया गया. इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया.
विधायक मंजू कुमारी के नेतृत्व में प्रदर्शन
यह पदयात्रा भाजपा विधायक मंजू कुमारी के नेतृत्व में निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए. पदयात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए टावर चौक पहुंची और विरोध प्रदर्शन किया गया.
Also Read: रांची में चमके देशभर के धावक, इंडियन एथलेटिक्स सीरीज–4 का सफल समापन
सरकार पर लापरवाही का आरोप
इस दौरान विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि राज्य सरकार परीक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह विफल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसी घटनाएं सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट तंत्र का परिणाम हैं, जिससे मेहनती युवाओं के सपनों पर पानी फिर रहा है.
उच्चस्तरीय जांच की मांग
उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द ठोस कदम नहीं उठाती है तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन करेगी.
पुलिस रही मुस्तैद
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखा.
अभ्यर्थियों में आक्रोश, सियासत तेज
पेपर लीक मामले ने न केवल अभ्यर्थियों में आक्रोश पैदा किया है बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज कर दी है. अब देखना होगा कि सरकार इस संवेदनशील मुद्दे पर क्या कदम उठाती है.
