साहिबगंज: साहिबगंज जिले के बरहेट प्रखंड अंतर्गत तलबढ़िया स्थित एसबीआई शाखा से कृषि लोन रिन्यूअल के नाम पर गरीब लाभुकों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. आरोप है कि ब्रांच मैनेजर, सीएसपी संचालक और बिचौलिया की मिलीभगत से दर्जनों खाताधारकों के खातों से राशि निकाल ली गई.
शिक्षा के अभाव का फायदा उठाकर की गई ठगी
जानकारी के अनुसार, विभिन्न गांवों के लाभुक, जो एसबीआई तलबढ़िया शाखा के खाताधारक हैं, उन्हें कृषि लोन रिन्यूअल के नाम पर बैंक ले जाया गया. वहां आधार कार्ड, बैंक खाता, फोटो और अंगूठा निशान लेकर लोन रिन्यूअल किया गया. इसके बाद कदमा स्थित एक सीएसपी केंद्र के माध्यम से उनके खातों से पैसे निकाल लिए गए.
जब लाभुकों को इसकी जानकारी मिली तो वे बैंक पहुंचे और खाता जांच कराने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ. पीड़ितों का आरोप है कि शिक्षा के अभाव का फायदा उठाकर उनके साथ ठगी की गई है. पीड़ितों में सीपी पहाड़िन, बेटका सोरेन, बदरी पहाड़िन समेत कई लोगों ने बताया कि वासुदेव पहाड़िया नामक व्यक्ति उन्हें लोन रिन्यूअल के बहाने बैंक ले गया और बाद में उनके खातों से राशि निकाल ली गई. जब उन्होंने ब्रांच मैनेजर और सीएसपी संचालक से जानकारी मांगी तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला.
नहीं मिला एक भी रुपया
गोराकेपू गांव की बंदरी पहाड़िन ने बताया कि उनके लोन रिन्यूअल में 13,713 रुपये की बढ़ोतरी दिखाकर राशि निकाल ली गई, लेकिन उन्हें एक भी रुपया नहीं मिला. वहीं पहाड़पुर गांव की बेटका सोरेन ने बताया कि 19,600 रुपये की निकासी कर ली गई. सीबी पहाड़िन ने भी 9,400 रुपये की अवैध निकासी का आरोप लगाया.
पीड़ितों ने प्रशासन से पैसे वापस दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में भोले-भाले आदिवासी लोगों के साथ ऐसी घटनाएं न हों. इस मामले में एसबीआई तलबढ़िया शाखा के प्रबंधक से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका.
वहीं एसबीआई पाकुड़ के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार ने कहा कि यदि किसी भी बैंक अधिकारी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ ने सेवानिवृत्त शिक्षकों का किया सम्मानित
