JAMSHEDPUR: औद्योगिक प्रशिक्षण के प्रतिष्ठित संस्थान इंडो डेनिश टूल रूम (IDTR) में सोमवार को उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब संस्थान के सैकड़ों छात्र उग्र प्रदर्शन पर उतर आए. छात्रों का यह आक्रोश संस्थान के प्लेसमेंट इंचार्ज सुमित कोली के अचानक किए गए ट्रांसफर के खिलाफ था.
मुख्य द्वार किया जाम, आवाजाही ठप
सुबह से ही छात्र संस्थान के मुख्य गेट पर एकत्र होने लगे और देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया. छात्रों ने मुख्य द्वार को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे संस्थान के अंदर किसी भी शिक्षक, अधिकारी या कर्मचारी का प्रवेश असंभव हो गया. छात्रों की मांग एक ही थी — सुमित कोली का तबादला तुरंत रद्द किया जाए.
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि सुमित कोली का कार्य सराहनीय रहा है. उनके कार्यकाल में संस्थान के प्लेसमेंट रिकॉर्ड में काफी सुधार आया है. वे छात्रों के करियर और प्लेसमेंट को लेकर बेहद गंभीर और सक्रिय रहते हैं. बिना किसी ठोस कारण के बीच सत्र में उनका तबादला करना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है.
जब स्थिति अनियंत्रित होने लगी, तो खुद प्लेसमेंट इंचार्ज सुमित कोली छात्रों के बीच पहुंचे. उन्होंने बेहद भावुक होकर और हाथ जोड़कर छात्रों से शांत होने और अपना आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया. उन्होंने छात्रों को समझाने की कोशिश की कि तबादला एक प्रशासनिक प्रक्रिया है, लेकिन उग्र छात्र उनकी एक सुनने को तैयार नहीं थे.
