Chatra: जिले में साइबर ठगों की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है. इस बार ठगों ने अपर समाहर्ता अरविंद कुमार के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों को निशाना बनाने की कोशिश की है. जानकारी के अनुसार ठगों ने “अरविंदकुमार डीवाई” नाम से फेसबुक अकाउंट तैयार कर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजनी शुरू कर दी है, जिससे धोखाधड़ी की आशंका बढ़ गई है.
एफआईआर दर्ज
मामले की जानकारी मिलते ही अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए साइबर अधिनियम के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. इसके साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है.
Also Read: शादी करने पर बुरा अंजाम भुगतने की चेतावनी, युवक को मिला धमकी भरा रेड वार्निंग पत्र
सोशल मीडिया पर लोगों को किया अलर्ट
अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने अपने आधिकारिक फेसबुक वॉल पर फर्जी आईडी की तस्वीर साझा कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि उनके नाम से बनाए गए किसी भी फर्जी फेसबुक अकाउंट की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें.

व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह के फर्जी अकाउंट का उद्देश्य लोगों को ठगना हो सकता है. इसलिए किसी भी अनजान अकाउंट से प्राप्त संदेश या अनुरोध पर भरोसा न करें और न ही किसी प्रकार की व्यक्तिगत या आर्थिक जानकारी साझा करें.
पुलिस और साइबर सेल को दें सूचना
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि किसी को इस फर्जी आईडी से कोई मैसेज या अनुरोध प्राप्त होता है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस या साइबर सेल को दें. प्रशासन ने भी सोशल मीडिया पर सतर्कता बरतने और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत करने की अपील की है, ताकि साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके.
