Giridih: राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम को ऐतिहासिक पहल बताया. उन्होंने कहा कि यह कानून महिलाओं को सशक्त, आत्मनिर्भर और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो लोग इस अधिनियम का विरोध कर रहे हैं, वे महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ हैं.
झारखंड सरकार पर हमला
वहीं, उन्होंने झारखंड की वर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है. उनके अनुसार, कमजोर नेतृत्व के कारण राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है और अपराध के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है और सरकार जनहित के मुद्दों पर ध्यान देने में असफल साबित हुई है.
Also Read: धनबाद में व्यक्ति का शव मिलने से हंगामा, बोकारो स्टील प्लांट में मजदूर की मौत
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर दावा
पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव को लेकर उन्होंने बताया कि रालोजपा इस बार 40 सीटों पर मजबूती से चुनाव मैदान में उतर रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी और एनडीए सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाएगी.
विकास और सुशासन का दावा
अंत में राजकुमार राज ने कहा कि रालोजपा विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में जनता की आवाज को और मजबूती से उठाती रहेगी.
