डीसी के निर्देश पर सघन जांच अभियान, यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती जारी
Giridih: जिला उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इसी क्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में बगोदर थाना के पास जीटी रोड पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान भारी मालवाहक वाहनों—ट्रक, ट्रेलर और डंपर की विशेष रूप से जांच की गई. जांच में पाया गया कि कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल लेकर चल रहे थे, जो सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है. इस पर कार्रवाई करते हुए एक ओवरलोडेड वाहन को जब्त किया गया, जबकि चार वाहनों से कुल 86 हजार रुपये का चालान वसूला गया.
यह भी पढ़ें : PM मोदी के ‘नारी शक्ति वंदन’ से झारखंड की महिलाओं में नई ऊर्जा, आत्मनिर्भर भारत के लिए लिया संकल्प
नियमों का उल्लंघन नहीं करें वाहन चालक : परिवहन पदाधिकारी
जांच के दौरान पदाधिकारियों ने वाहनों के कागजातों की भी गहन जांच की और नियमों के उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की गई. इस अभियान में पुलिस विभाग की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिससे जांच प्रक्रिया प्रभावी ढंग से पूरी हुई. मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि ओवरलोडिंग सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण है. उन्होंने वाहन चालकों और मालिकों से अपील की कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें और नियमों का उल्लंघन न करें. उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी इस तरह के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन के इस कदम से जिले में यातायात व्यवस्था मजबूत होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें : ट्रेजरी घोटाला सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट, रांची में थ्री लेयर वेरिफिकेशन के बाद ही पास होगा बिल

