Palamu: जिला के पाटन प्रखंड अंतर्गत किशुनपुर गाँव में महिलाओं द्वारा भाजपा की वरिष्ठ नेत्री सुश्री स्मिता आनंद एवं मेदिनीनगर की महापौर श्रीमती अरुणा शंकर के नेतृत्व में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के समर्थन में पदयात्रा निकाली गई. यह पदयात्रा किशुनपुर अंबेडकर चौक से प्रारंभ होकर विभिन्न चौक-चौराहों से होते हुए चनेया बाजार तक गई.
नारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
भारी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने “नारी शक्ति जिंदाबाद” के नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया और अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया.
“नारी के सशक्त होने से देश होगा सशक्त” -स्मिता आनंद
वरिष्ठ भाजपा नेत्री सुश्री स्मिता आनंद ने कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” केवल एक कानून नहीं, बल्कि समतामूलक और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक संकल्प है. उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं को निर्णय-निर्माण की मुख्यधारा में लाकर लोकतंत्र को और अधिक सशक्त, समावेशी एवं प्रगतिशील बनाएगी.
“विकसित भारत की नींव है नारी सशक्तिकरण” – अरुणा शंकर
मेदिनीनगर की महापौर अरुणा शंकर ने कहा कि यह अधिनियम देश की करोड़ों महिलाओं के सम्मान, अधिकार और आत्मबल को सशक्त करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है. उन्होंने इसे “नारी तू नारायणी” की भावना को साकार करने वाला राष्ट्रीय प्रयास बताया.
ALSO READ: पलामू : बाबा साहेब की जयंती पर वीर बाबा चौहरमल कल्याण समिति ने अर्पित की श्रद्धांजलि
महिला मोर्चा और अन्य नेताओं के विचार
महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलिमा झा ने कहा कि मोदी सरकार के नेतृत्व में महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के अभूतपूर्व प्रयास हुए हैं. सांसद प्रतिनिधि सुमन गुप्ता ने इसे लैंगिक समानता की दिशा में एक परिवर्तनकारी कदम बताया, जो सत्ता के केंद्र को अधिक समावेशी बनाता है.
हजारों महिलाओं की रही उपस्थिति
इस मौके पर पिंकी विश्वकर्मा, शिला दुबे, निर्मला देवी, मुन्नी देवी, कुनीता देवी, मालती देवी समेत हजारों की संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं.
