Ranchi: रांची विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सरोज शर्मा ने मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की. यह मुलाकात महज एक औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि राज्य की उच्च शिक्षा को नई दिशा और सांस्कृतिक पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है. मुलाकात के दौरान प्रो सरोज शर्मा ने अपनी लिखी पुस्तकों की प्रतियां राज्यपाल को भेंट कीं, जो भारतीय ज्ञान परंपरा एवं प्राचीन भारतीय विज्ञान पर केंद्रित हैं. कुलपति ने रेखांकित किया कि भारत की प्राचीन वैज्ञानिक उपलब्धियां केवल इतिहास नहीं, बल्कि आधुनिक शिक्षा तंत्र के लिए भी एक मार्गदर्शक स्तंभ हैं.
यह भी पढ़ें : कुख्यात PLFI नक्सली सुलेमान सांडी पूर्ति की जमानत याचिका HC से खारिज
राज्यपाल का नई शिक्षा नीति पर जोर
राज्यपाल ने इस दौरान विवि में नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन और अनुसंधान पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिय़ा. कहा कि छात्रों को उनकी जड़ों से जोड़ने के लिए पाठ्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा का समावेश जरूरी है. पठन-पाठन की गुणवत्ता और नवाचार को बढ़ावा देने के निरंतर प्रयास होना चाहिए. कहा कि भारतीय ज्ञान परंपरा को बढ़ावा देना आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. युवा पीढ़ी जब तक अपनी समृद्ध विरासत को नहीं समझेगी, तब तक वे भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ नहीं कर पाएंगे. राज्यपाल ने कुलपति के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया.
यह भी पढ़ें : झारखंड में अग्निपरीक्षा: 5 दिनों में 5 डिग्री तक बढ़ेगा पारा, 17 अप्रैल से लू का तांडव शुरू!
