खूंटी: जिले से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां तोरपा थाना क्षेत्र स्थित पाण्डुपुंडी जलप्रपात में नहाने के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान राजधानी रांची के लालपुर इलाके के रहने वाले युवक के रूप में की गई है.

क्या है पूरी घटना
जानकारी के अनुसार, रांची के लालपुर निवासी कुछ युवक रविवार को पिकनिक के लिए खूंटी के प्रसिद्ध पाण्डुपुंडी जलप्रपात आए थे. मस्ती और सैर-सपाटे के बीच, युवक नहाने के लिए जलप्रपात के गहरे पानी में उतरा. वह पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका और अचानक गहरे भंवर में फंसकर डूबने लगा. साथ आए दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, लेकिन जब तक उसे पानी से बाहर निकाला जाता, तब तक उसकी जान जा चुकी थी.
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय तोरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंच. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को जलप्रपात से बाहर निकलवाया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया है.

