RANCHI: राजधानी रांची की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया है. खादगढ़ा कांटाटोली इलाके से बिना बताए लापता हुए तीन बच्चों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है. ये बच्चे घर से नाराज होकर रांची छोड़कर कहीं बाहर भागने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते पुलिस ने उन्हें रांची रेलवे स्टेशन से ढूंढ निकाला.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, खादगढ़ा कांटाटोली क्षेत्र के तीन बच्चे अचानक अपने घर से गायब हो गए थे. परिजनों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो मामले की सूचना पुलिस को दी गई.
पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत एक टीम गठित की और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की. तकनीकी सेल और स्थानीय इनपुट की मदद से पुलिस रांची रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां तीनों बच्चे सुरक्षित स्थिति में पाए गए.
डांट और पिटाई बनी घर छोड़ने की वजह
बरामदगी के बाद जब पुलिस ने बच्चों से पूछताछ की, तो चौंकाने वाली बात सामने आई. बच्चों में से एक ने बताया कि वह कुछ गलत आदतों में पड़ गया था, जिसे लेकर उसके माता-पिता ने उसे काफी डांटा था और उसकी पिटाई भी की थी.
ALSO READ: हजारीबाग: भगत सिंह चौक से दो वर्षीय मासूम बच्ची लापता, पुलिस को अपहरण की आशंका, माता-पिता हिरासत में
इसी बात से आहत होकर उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ शहर छोड़कर भागने की योजना बना ली थी. बच्चों को सुरक्षित बरामद करने के बाद पुलिस ने उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया है.
