HAZARIBAGH: जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सदर थाना क्षेत्र के व्यस्ततम इलाकों में से एक भगत सिंह चौक से महज दो साल की एक अबोध बच्ची रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए युद्धस्तर पर जांच शुरू कर दी है.
बाजार में खरीदारी के दौरान घटी घटना
पीड़िता प्रियंका देवी, जो ग्राम सिरसी (थाना कटकमदाग) की रहने वाली है और रवि पासवान की पत्नी है, ने सदर थाना में मामला दर्ज कराया है. आवेदन के अनुसार, घटना 15 अप्रैल की है, जब वह अपने दोनों बच्चों के साथ बाजार में खरीदारी करने आई थी.
प्रियंका का आरोप है कि जब वह भगत सिंह चौक के पास थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति अचानक आया और उसकी गोद से बच्ची को छीनकर भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गया.
विरोधाभासों के बीच उलझी पुलिस
हालांकि यह मामला अपहरण का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस की जांच कई अन्य दिशाओं में भी चल रही है. बताया जा रहा है कि बच्ची की मां प्रियंका देवी मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं हैं, जिसके कारण वह घटनाक्रम के बारे में पुलिस को सटीक और स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही हैं.उनके बयानों में आ रहे विरोधाभास ने पुलिस के लिए मामले को और उलझा दिया है.
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, माता-पिता से पूछताछ जारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस भगत सिंह चौक और उसके आसपास के रास्तों पर लगे सभी निजी और सरकारी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की जा सके.
ALSO READ: DA बढ़ोतरी में देरी से बढ़ी कर्मचारियों की चिंता, जल्द फैसले की मांग तेज
पुलिस को इस मामले में कुछ संदेह हुआ है, जिसके आधार पर बच्ची के पिता रवि पासवान और मां प्रियंका देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह वास्तव में अपहरण का मामला है या इसके पीछे कोई पारिवारिक विवाद या अन्य कोई गहरा कारण छिपा है.
