Pakur: पाकुड़ जिले को नया पुलिस अधीक्षक मिल गया है. 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुदीप सिंह ने रविवार को एसपी के रूप में पदभार ग्रहण किया. कार्यभार संभालते ही उन्होंने जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया.
अपराध होने से पहले रोकथाम पर रहेगा जोर
पदभार ग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि पुलिस का फोकस केवल घटना के बाद कार्रवाई करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अपराध को पहले ही रोकने की दिशा में काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना पुलिस की जिम्मेदारी है.
उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस त्वरित कार्रवाई करेगी और मामले का शीघ्र खुलासा सुनिश्चित किया जाएगा. दोषियों की गिरफ्तारी और उन्हें सख्त सजा दिलाना भी प्राथमिकता में शामिल रहेगा.
ALSO READ: आद्रा में JPSC परीक्षार्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनें, दक्षिण पूर्व रेलवे का बड़ा कदम
जनता से सहयोग की अपील, बेहतर तालमेल पर जोर
एसपी ने जिले की जनता को ‘जोहार’ करते हुए सभी से सहयोग की अपील की. उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पाकुड़ पुलिस हर समय लोगों की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर रहेगी.
