Palamu: पलामू में पुलिस प्रशासन द्वारा एक भव्य स्वागत सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें नए अधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया, वहीं निवर्तमान अधिकारियों को भावुक विदाई दी गई.
नए अधिकारियों का किया गया स्वागत
इस गरिमामय कार्यक्रम में नए पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी और नए उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत का अभिनंदन किया गया. समारोह में जिले के विभिन्न अनुमंडलों के एसडीपीओ, सभी थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे. सभी ने बुके, शॉल और उपहार भेंट कर अधिकारियों का स्वागत किया.
निवर्तमान अधिकारियों को दी गई सम्मानजनक विदाई
वहीं निवर्तमान पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन और पूर्व उपायुक्त समीरा एस को पूरे सम्मान के साथ विदाई दी गई. कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को स्मृति चिन्ह और प्रशंसा पत्र देकर उनके योगदान को सराहा गया.
भावुक रहा विदाई का क्षण
विदाई का दृश्य बेहद भावुक रहा. खासकर पूर्व एसपी रिष्मा रमेशन की विदाई के लिए वाहन को दुल्हन की तरह सजाया गया था. जिस तरह एक बेटी को विवाह के बाद विदा किया जाता है, उसी भावना के साथ उन्हें विदाई दी गई.
Also Read: काली मंदिर के पास तीन दिनों से दिख रहा सांप का जोड़ा, देखने उमड़ रही लोगों की भीड़
रिष्मा रमेशन ने साझा किए अनुभव
अपने संबोधन में रिष्मा रमेशन ने पलामू को अपना पहला स्वतंत्र जिला बताते हुए अनुभव साझा किए. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय टीमवर्क को दिया और कहा कि मजबूत टीम के बिना कोई भी नेतृत्व सफल नहीं हो सकता. साथ ही उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान हुई किसी भी अनजानी त्रुटि के लिए क्षमा मांगते हुए सभी का आभार व्यक्त किया.
नए अधिकारियों ने दोहराया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में नए अधिकारियों ने जिले के विकास और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के अपने संकल्प को दोहराया.
