CHAIBASA: ग्रामीण क्षेत्र से रविवार देर रात किसी कारणवश रास्ता भटककर तीन मासूम बच्चे चाईबासा पहुंच गए.डरे-सहमे और हैरान-परेशान बच्चे BSNL ऑफिस के पास सड़क किनारे बैठकर रो रहे थे.उसी मार्ग से गुजर रहे कांग्रेस के जिला प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय की नजर बच्चों पर पड़ी. बच्चों के पास जाकर उनके घर और परिजनों के बारे में जानकारी लेने का काफी प्रयास किया,लेकिन बच्चे डर के कारण कुछ भी स्पष्ट नहीं बोल पा रहे थे.
चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची
मानवीय संवेदनाओं के आधार पर सुरक्षा और संरक्षण के दृष्टिकोण से त्रिशानु राय ने तत्काल मामले की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक कन्हैया पांडेय को दी.सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची और तीनों बच्चों को रेस्क्यू कर बालकुंज,चाईबासा ले गई.
टीम बच्चों को घर पहुंचाने कर रही प्रयास
फिलहाल तीनों बच्चों को बालकुंज में रखा गया है,जहां उनकी देखभाल की जा रही है.चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम बच्चों के घर और परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.अधिकारियों ने बताया कि बच्चों के परिजनों का पता चलने के बाद भौतिक सत्यापन और सभी आवश्यक कागजी प्रक्रियाएं पूरी कर सुरक्षित और सकुशल बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा.
तीनों बच्चों की उम्र 6 से 9 साल के बीच बताई जा रही है.वे अपना नाम-पता ठीक से नहीं बता पा रहे हैं.चाइल्ड हेल्पलाइन ने आसपास के थानों को भी सूचना दे दी है.
