Ranchi: झारखंड में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. आपदा प्रबंधन सह स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी जिलों के डीसी को सतर्क रहने और पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं.
10 जिलों में 44°C तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के करीब 10 जिलों में तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है और आने वाले दिनों में इसमें 3 से 5 डिग्री की और बढ़ोतरी संभव है. डालटेनगंज सबसे गर्म रहा, जहां पारा 43.9 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि रांची में भी तापमान 39 डिग्री के करीब पहुंच गया है.
कई इलाकों में लू और तेज हवाओं की चेतावनी
आज के लिए जारी येलो अलर्ट के बीच कई इलाकों में लू चलने की आशंका है. मौसम विभाग ने दोपहर 12 से 3 बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। वहीं कुछ हिस्सों में तेज हवा और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है.
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को अलर्ट पर रखा
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और CHC-PHC को ओआरएस, आईवी फ्लूइड और जरूरी दवाओं का स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं. लू लगने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की गई है.
Also Read: राजधानी के अलग-अलग डैमों में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट बनने का रास्ता साफ, HC से टेंडर विवाद खारिज
प्रशासन को तैयारी के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जिला प्रशासन को पानी-छाया की व्यवस्था, अस्थायी शेल्टर और एंबुलेंस सेवा अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है. स्कूलों में भी दोपहर की छुट्टी के समय में बदलाव पर विचार किया जा रहा है.
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि खाली पेट घर से न निकलें, सूती कपड़े पहनें और अधिक से अधिक पानी का सेवन करें.
