Giridih: राज्य में लगातार बढ़ती गर्मी और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए झारखंड सरकार ने विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव का निर्णय लिया है . इसी क्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने गिरिडीह जिले के सभी विद्यालयों के लिए संशोधित समय सारणी लागू करने का आदेश जारी किया है .
नई समय सारणी लागू
जारी निर्देश के अनुसार, जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी सहायता प्राप्त . गैर सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) एवं निजी विद्यालयों में कक्षा केजी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह 07:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित की जाएंगी . वहीं कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 07:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगी.
शिक्षकों के लिए अलग निर्देश
इसके अलावा सभी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे शैक्षणिक कार्य समाप्त होने के बाद भी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे . उन्हें सुबह 07:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक विद्यालय में रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा.
सख्ती से पालन के निर्देश
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी विद्यालय प्रबंधन इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें, ताकि बच्चों को भीषण गर्मी से राहत मिल सके और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके.
अभिभावकों से अपील
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को निर्धारित समय के अनुसार विद्यालय भेजें और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें. यह आदेश 21 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगा और अगले आदेश तक लागू रहेगा .
