झारखंड: प्रतियोगी परीक्षाओं में नहीं होगी कोई चूक, DGP ने दिए निर्देश

Ranchi: झारखंड में आगामी दिनों में आयोजित होने वाली नीट, जेईई, सीयूईटी और जेएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण...

DGP
DGP

Ranchi: झारखंड में आगामी दिनों में आयोजित होने वाली नीट, जेईई, सीयूईटी और जेएसएससी प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए राज्य पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी है. इसी दौरान बुधवार को डीजीपी तदाशा मिश्र ने पुलिस मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में राज्य के सभी जिलों के पुलिस कप्तानों को सख्त हिदायत दी गई, कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

नीट के लिए जिला स्तर पर बनेगी कोऑर्डिनेशन कमेटी

आगामी तीन मई को होने वाली नीट परीक्षा को लेकर डीजीपी ने विशेष निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए हर जिले में एक कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन किया जाएगा. यह कमेटी परीक्षा केंद्रों के प्रबंधन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करेगी, ताकि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा से लेकर अभ्यर्थियों की सुविधा तक हर पहलू पर नजर रखी जा सके.

सुरक्षा के कड़े इंतजाम: होटलों से लेकर सोशल मीडिया तक निगरानी

डीजीपी ने परीक्षा के दौरान जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने का निर्देश दिया है. बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्ट्रॉन्ग रूम से परीक्षा केंद्रों तक प्रश्नपत्रों का परिवहन पूरी तरह से पुलिस की निगरानी में होगा. हर जिले में एक नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो परीक्षा से पूर्व केंद्रों और कमरों का बारीकी से निरीक्षण करेगा. परीक्षा से पहले जिलों के सभी होटल, लॉज, धर्मशाला और हॉस्टलों की सघन तलाशी ली जाएगी. साथ ही साइबर कैफे और संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी.

सोशल मीडिया की होगी मॉनिटरिंग

पेपर लीक या भ्रामक खबरों को रोकने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की 24×7 निगरानी की जाएगी. परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई समस्या न हो, इसके लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं.

बैठक में ये रहे उपस्थित

इस बैठक में एडीजी (सीआईडी) मनोज कौशिक, आईजी (स्पेशल ब्रांच) प्रभात कुमार, आईजी (प्रोविजन) पटेल मयूर कनैयालाल और एसपी (अभियान) दीपक कुमार शर्मा उपस्थित थे. इसके राज्य के सभी प्रक्षेत्रीय आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए और अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों का खाका पेश किया.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग में रातभर चला पुलिस का स्पेशल अभियान, 69 मनचलों पर की गई कार्रवाई

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *