बेरमो : कोनार नदी में उड़ रही सीमेंट की खाली बोरियां, पर्यावरण का हो रहा नुकसान, संवेदक और अधिकारी मौन

Bermo : बेरमो कोयला क्षेत्र के सीसीएल कथारा एरिया अंतर्गत गोविंदपुर परियोजना के जीरो प्वाइंट से छिलका पुल तक करीब नौ करोड़...

Bermo : बेरमो कोयला क्षेत्र के सीसीएल कथारा एरिया अंतर्गत गोविंदपुर परियोजना के जीरो प्वाइंट से छिलका पुल तक करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से बनी पीसीसी सड़क अब विवादों के घेरे में है. अक्टूबर 2025 में शुरू हुए इस निर्माण कार्य के पूरा होने के बाद संवेदक की लापरवाही का बड़ा खामियाजा स्थानीय पर्यावरण और कोनार नदी को भुगतना पड़ रहा है. कार्य के दौरान कोनार नदी के किनारे खुले आकाश में त्रिपाल डालकर सीमेंट, बालू और चिप्स का अस्थायी स्टोर बनाया गया था, जहां मिक्सिंग का काम भी होता था. निर्माण कार्य संपन्न होने के बाद संवेदक ने सीमेंट की सैकड़ों फटी हुई बोरियों को नदी किनारे लावारिस छोड़ दिया है. वर्तमान में गर्मी की दोपहरी में चलने वाली तेज हवाओं के साथ ये खाली बोरियां उड़कर सीधे कोनार नदी के जल में समा रही हैं. इससे न केवल नदी का जल दूषित हो रहा है, बल्कि डीवीसी के इनटेक वेल के समीप बोरियों के जमा होने से पानी की आपूर्ति बाधित होने का खतरा भी उत्पन्न हो गया है. इस गंभीर स्थिति पर सीसीएल के विभागीय अधिकारी और अभियंता पूरी तरह मौन साधे हुए हैं. हालांकि मामले को लेकर जब संवेदक राजीव रंजन से संपर्क किया गया तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि कार्य के बाद कुछ बोरियां रह गई हैं, जिन्हें जल्द ही चुनकर हटा लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें : बेटियों की सुरक्षा पर लोकभवन सख्त: कहा, लापता नाबालिगों के मामले में पुलिस की सुस्ती अब बर्दाश्त नहीं

सड़क पर पसरा बालू, दुर्घटना को दावत

लापरवाही का आलम केवल नदी तक सीमित नहीं है. पीसीसी सड़क के निर्माण के बाद संवेदक ने प्रावधान के अनुरूप सड़क के दोनों किनारों को मिट्टी से भरने का कार्य नहीं किया है. सड़क के किनारे करीब एक से डेढ़ फीट तक खाली और गहरे हैं, जिससे दो वाहनों के आमने-सामने आने पर दुर्घटना की प्रबल संभावना बनी रहती है. इसके अतिरिक्त, पूरी सड़क पर बालू बिखरा हुआ छोड़ दिया गया है, जिसके कारण दोपहिया वाहन चालक लगातार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं. कायदे से सीसीएल प्रबंधन को संवेदक के माध्यम से सड़क की सफाई करानी चाहिए थी, लेकिन सड़क अब भी असुरक्षित बनी हुई है. इधर, संवेदक ने दावा किया है कि किनारों को भरने का काम शुरू कर दिया गया है और इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा.

यह भी पढ़ें : विधायक सरयू राय ने चेताया, एआई के दौर में लोभ-लाभ की संस्कृति से पृथ्वी पर मंडरा रहा हिमयुग का खतरा

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *