Ranchi: झारखंड में नाबालिग लड़कियों की गुमशुदगी के बढ़ते ग्राफ और पुलिस की कथित ढुलमुल कार्यशैली पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कड़ा रुख अपनाया है. लोकभवन ने स्पष्ट कर दिया है कि बेटियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा. राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव नितिन कुलकर्णी ने पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर न केवल जवाबदेही तय करने का निर्देश दिया है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर गहरा खेद भी जताया है.
लचर कार्रवाई पर फटकार
लोकभवन ने माना कि स्थानीय पुलिस की देरी से अप्रिय घटनाएं बढ़ रही हैं. अब दोषियों में कानून का खौफ पैदा करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं. सभी जिलों के लंबित मामलों की समीक्षा कर जिलावार अद्यतन रिपोर्ट लोकभवन को सौंपनी होगी. राज्यपाल ने निर्देश दिया है कि गुमशुदगी के मामलों को टॉप प्रायोरिटी पर रखा जाए ताकि पीड़ित परिवारों को त्वरित न्याय मिले.
