Giridih: रविवार को जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया. उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार और सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह ने गिरिडीह प्रखंड स्थित बूथ पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की.
इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि पोलियो से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय जागरूकता और समय पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना है. उन्होंने बताया कि जिले में 0 से 5 वर्ष तक के 4 लाख 91 हजार 38 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है.
यह भी पढ़ें: झारखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 5 दिनों तक बारिश के आसार; कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट

29 और 30 जून को स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाएंगे
अभियान के पहले दिन 2403 बूथों पर बच्चों को दवा दी जा रही है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक देंगे. इस अभियान के सफल संचालन के लिए 4793 स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है. उपायुक्त ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को हर बार ‘दो बूंद जिंदगी की’ खुराक अवश्य पिलाएं ताकि कोई भी बच्चा पोलियो से वंचित न रह जाए. वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने भी जिलेवासियों से अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की दवा पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.

यह भी पढ़ें: चतरा पुलिस को मिली बड़ी सफलता : 1 करोड़ 36 लाख मूल्य का 912 किलो अवैध डोडा जब्त, तस्कर फरार


