रांची: पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवैध आवाजाही को रोकने के लिए रांची पुलिस ने बंगाल सीमा पर विशेष जांच अभियान शुरू कर दिया है.
सीमाओं पर बढ़ाई गई चौकसी:
वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर रांची-बंगाल सीमा से सटे इलाकों, विशेषकर अनगड़ा, सिल्ली और मुरी के रास्तों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इस दौरान अवैध धन, शराब, हथियारों या किसी भी ऐसी सामग्री की तस्करी को रोकना है जो चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है.

सघन जांच और सीसीटीवी से निगरानी:
पुलिस टीम सीमा से गुजरने वाले हर छोटे-बड़े वाहन की तलाशी ले रही है। इसके साथ ही संदिग्ध वाहनों के मालिकों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और उनके पहचान पत्रों की जांच हो रही है. चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुसार, बड़ी मात्रा में नकदी ले जा रहे लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि वोट के बदले नोट जैसी घटनाओं को रोका जा सके.
